गृह राज्यमंत्री श्री जवाहर सिंह बेढम का पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की एक्स पोस्ट पर पलटवार
जयपुर। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा राजधानी जयपुर एवं राज्य में कानून व्यवस्था बिगड़ने के लगाए गए आरोपों का करारा जवाब दिया है। बेढ़म ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भ्रामक ट्विट के माध्यम से जनता को गुमराह करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार आमजन को शांत एवं सुरक्षित वातावरण देने के लिए प्रतिबद्ध है और राजधानी जयपुर में वर्ष 2024 में पिछले वर्षों की तुलना में अपराधों में कमी आई है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री को अपने शासनकाल में वर्ष 2022 एवं 2023 में हुए अपराधों का तुलनात्मक अध्ययन कर लेना चाहिए। उनके कार्यकाल में हत्या, लूट, डकैती तथा बलात्कार जैसे गंभीर अपराधों का ग्राफ आसमान छू रहा था।
उन्होंने कहा कि जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत वर्ष 2024 में अपराधों में पहले की तुलना में 8 प्रतिशत की कमी आई है। इनमें हत्या के मामलों में 26 प्रतिशत की कमी, हत्या के प्रयास के मामलों में 11 प्रतिशत तथा लूट के प्रकरणों में 18 प्रतिशत की उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। बलात्कार व अपहरण के मामले भी कम हुए हैं। जबकि गहलोत सरकार के कार्यकाल के दौरान 2022 में राज्य में कुल अपराधों में 22 प्रतिशत की तथा 2023 में 6 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई थी। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को घटित घटनाएं आपसी रंजिश की घटनाएं थी, जिनमें पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत कार्रवाई की है।
यह भी पढ़े – ममता बनर्जी 70 नहीं 65 की, दस्तावेज में उम्र गलत भाई को बनाकर लाई गवाह
गृह राज्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार का गठन होते ही संगठित अपराध को रोकने के लिए एंटी गैंगस्टर्स टास्क फोर्स का गठन किया गया। इसके परिणामस्वरूप आज बदमाश राजस्थान छोड़ने पर विवश हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि जनवरी 2024 से अक्टूबर 2024 के आंकड़ों का अध्ययन करें तो प्रदेश में भी पहले की तुलना में अपराधों में 7.76 प्रतिशत की कमी आई है। महिला अत्याचार के मामलों में 10.18 एवं अनुसूचित जाति/जनजाति पर होने वाले अपराधों में भी 14.28 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। यह राज्य की पुलिस की सक्रियता से ही संभव हुआ कि सभी बड़े अपराधों का खुलासा तुरंत हुआ है।